तीन बूढ़ों की हंसी

  • 160x120
    जनवरी 2016
श्रेणी कहानी
संस्करण जनवरी 2016
लेखक का नाम कैलास चन्द्र







बूढ़े संख्या में तीन थे। कॉलोनी से लगे पार्क में वे अक्सर दिख जाते थे। कॉलोनी बड़ी थी और उसके भीतर चार बिल्डिगें थीं। इस वजह से उन बूढ़ों के बीच पहचान का संकट था। उनको शायद केवल इतना पता होगा कि वे एक ही कॉलोनी के बाशिदें हैं। क्योंकि आते-जाते वे एक दूसरे को दिख जाते होंगे। वे तीनों थोड़े समय के अंतर से पार्क में आते थे। जाते भी अपनी इच्छानुसार आगे-पीछे। कोई पहले तो कोई थोड़ा बाद में। पार्क में एक साथ अथवा एक ही बैंच पर बैठे वे नहीं देखे गए। एक बूढ़ा जिस दिशा में कॉलोनी थी उस तरफ बैठता, दूसरा उस चौड़ी सड़क की ओर जो पार्क के समानान्तर आगे सीधे कलेक्ट्रेट रोड से मिलती थी और तीसरा बूढ़ा पार्क के बड़े गेट की तरफ। उनका क्रम बदल भी जाता। बैंचें भी बदल जातीं थीं। हां एक बात तो तीनों में समान थी वह यह कि वे पार्क के उस तरफ वाले हिस्से में कभी नहीं बैठते थे जिस तरफ सघन झाडिय़ां थीं। क्योंकि उस तरफ जवान लड़के-लड़कियां झाडिय़ों में घुसे रहते थे। यह लड़के-लड़कियों का प्राईवेट सैक्टर जैसा था। यह उनका कोई सौजन्यता जैसा भाव नहीं था बल्कि एक भय था जो सिरज जाता था। एक दफा किसी बूढ़े को लड़के-लड़की के एक जोड़े ने उस तरफ से गेट तक खदेड़ दिया था। वह बूढ़ा अगर पकड़ में आ जाता तो शायद पिट भी जाता। हां कभी सौजन्यता सप्ताह मनाती नैतिकता ओढ़े पुलिस की वहां रेड पड़ती तो फिर वे आशिक मिजाज लड़के ही पिटते थे और साथ ही लड़की जलील होती थी।
एक बूढ़ा जिसका नाम जगन्नाथ त्यागी था पांच साल पहले फूड एण्ड सिविल सप्लाई विभाग में इंस्पैक्टर के पद से रिटायर हुआ था और इस कॉलोनी जिसका नाम पंचशील था, उसके दांए कोने वाली पांच मंजली इमारत विवेचना के ग्राउण्ड फ्लोर के पीछे के फ्लेट में रहता था। जिसका नम्बर ए/12 था। उसको सबसे पीछे का फ्लेट लेने की यह सुविधा मिली थी कि इमारत के पीछे छूटी जमीन उसके कब्जे में आई थी जिसको उसने दो तरफ से कंटीले तार से घिरवा लिया था। वहां पहले उसने एक छप्पर डाल कर एक गाय पाल ली थी। लेकिन शहर में भूसा बहुत महंगा हो गया था और आसानी से मिलता नहीं था। वह गाय को गांव अपने छोटे भाई के पास छोड़ आया था। अब छप्पर हटा कर उसने वहां कुछ सब्जी उगा ली थी। उसके अनुसार शुद्ध सब्जी वह और उसका परिवार खा रहा था और काफी हद तक पैसों की बचत भी कर रहा था। उस वक्त सब्जियों के दाम आसमान छू रहे थे। वहीं एक कमरा उसके बड़े लड़के शिवेन्द्र ने जो प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था बनवा दिया था। आपात स्थिति के लिए मसलन घर में मेहमान आ जाएं, एक बाथरूम और लेट्रिन भी वहां उस कमरे से जोड़ कर बनवा दिया था। अब यह कमरा जगन्नाथ त्यागी को रहने के लिये दे दिया था। क्योंकि फ्लेट के कमरों में भीड़ बहुत हो गई थी और कोई सुविधाजनक एकांत नहीं छूटा था। देखा जाए तो भजन और चिंतन के लिए एकान्त का एकान्त और घर की चिल्ल-पौं से मुक्ति। पीछे के बरामदे में एक कुर्सी पड़ी रहती थी जहाँ ऊबने पर जगन्नाथ त्यागी अपने कमरे से निकल कर बैठ जाते थे। डूबते सूरज की रोशनी इस भाग में पड़ती थी।
यह फ्लेट बड़ी साईज का तीन बेडरुम, दो किचन और एक बड़े हॉल वाला था। फिर भी उन लोगों के लिए कम पड़ता था। बड़े लड़के शिवेन्द्र और मझले लड़के वीरेन्द्र का परिवार यहां एक साथ रहता ता। उनकी पत्नियां सगी बहनें थी। वीरेन्द्र आरटीओ चैकपोस्ट पर हेड कान्स्टेबल था और अक्सर ड्यूटी पर ही रहता था। उसकी कमाई बहुत थी। वह अपना अलग आशियाना बनाना चाहता था। पर विजिलेंस के डर से फिलहाल साथ में चिपका हुआ था। दोनों भाईयों के तीन-तीन बच्चे थे। खाना उन सब का हालांकि एक ही रसोई में बनता था पर अलग-अलग समय पर और अलग रुचि के अनुसार। इसे एक तरह से अलग भी कह सकते हैं। शिवेन्द्र ने एक किचन का प्लेटफार्म तुड़वा कर बच्चों का स्टडी रुम बना दिया था।
एक दिन बाबू यानि जगन्नाथ त्यागी को फ्लेट से बेदखल कर उस अलग बने बाहरी कमरे में ठेल दिया गया था। एक तरह से बनवास जैसा कुछ। घर के भीतर उसके रहने पर बहुओं को एतराज था। यह एतराज उन्होंने कई तरीके से प्रकट किया था। जैसे उनको थाली परस कर फिर दोबारा रोटी और दाल-सब्जी के लिए नहीं पूछना। पानी मांगे तो इतनी देर कर देना कि वे फिर बिना पानी पिए ही उठने को मजबूर हो जाएं। बाथरुम में उनको देर तक न घुसने देना। यह हिदायत देते रहना कि कमरे के भीतर घुसे तो खांस-खंखार कर ही घुसें।
निर्वासन तो होना ही था एक खास समय पर।
देखा जाए तो वे इतनी पैंशन पाते थे कि किसी के लिए बोझ नहीं बन सकते थे। यह फ्लेट भी उनके जीपीएफ और ग्रेचुटी को मिला कर खरीदा गया था। अक्सर वे अपने पैसों से किराना का सामान पास के लक्ष्मी डिपार्टमेण्टल स्टोर से खरीद लाते थे। बच्चों के लिए अक्सर बिस्कुट या टाफिंया ले आते थे। फिर भी उनके प्रति न बहुँंए सहज थी और न बेटे। गांव में उनकी जमीन-जायदाद थी और बड़ी बहू उनसे कम से कम दो बार वहां का बंटवारा कराने के लिए कह चुकी थी। पर जगन्नाथ त्यागी तैयार नहीं थे इसके लिए। वे वहां की जायदाद पर अपने छोटे भाई रामनाथ का ही हक मान रहे थे। उसका परिवार भी बड़ा था। उसके चार बेटे और तीन लड़कियां थीं। वे जायदाद आधी बंटवा लेते तो उसके लिए मुसीबतें बढ़ जातीं। वे तर्क देते यहां शहर में किस बात की कमी है। गांव का सब उसी छोटे का है।
नौकरी से रिटायर होने के दो साल पहले उनकी पत्नी रम्भा का निधन हो गया था। उन्होंने अपनी जमा-पूंजी का पूरा पैसा शिवेन्द्र को प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू करने के लिए दे दिया था और वीरेन्द्र को नौकरी में भरती कराने के लिए डेढ़ लाख की रिश्वत उन्होंने अपने ही जोड़े पैसों से दी थी। इसके बावजूद दोनों बहुएँ यह अहसान मानने को तैयार नहीं थीं। वे इसे कत्र्तव्य के खाते में डाल देतीं थी। बड़ी बहू उनको खाना परसते दुनिया भर के खरचे गिनाती रहती और ऐसी महंगाई में गृहस्थी खींचते जाने की मजबूरी का बखान करती रहती थी।
जगन्नाथ त्यागी को कभी-कभी लगता कि अपनी जिंदगी को किसी की कृपा पर घसीट रहे हैं। कमरे में अकेले पड़े-पड़े उनका दम घुटने लगता था। उनके जीवन से हंसी गायब हो गई थी। उनको याद नहीं वे पिछली बार कब जोर से हंसे थे। इधर एक लाफिंग क्लब में वे सुबह दस बजे जाने लगे थे पर वहां की हंसी उनको बहुत बनावटी लगती थी। फेफड़ों की बर्जिश तो हो जाती थी पर अंतरतम से वह उन्मुक्त हंसी नहीं निकलती थी। इसलिए अभ्यास के बाद भी हंसी उनकी पसलियों में फंसी रह जाती थी। जगन्नाथ त्यागी हंसी के आंदोलन के लिए तरस कर रह जाते थे।
सांयकाल का समय ही ऐसा होता था जब पूरी दुनियां फुरसत में हो जाती थी। दिन भर फुरसत और उपेक्षा में रहने वाले जगन्नाथ त्यागी अपना फ्लेट छोड़ कर पार्क में आ जाते थे। यहां बच्चों की धमाचौकड़ी होती, कुछ उल्लास, कुछ उदासी से भरे जोड़े होते, जवान धड़कनों का सरगम होता जो प्राय: आखों से ओझल रहता पर अहसासों में उनकी खुशबू वहां तैरती रहती। कुछ देर के लिए थोड़ा मन बहल जाता। जगन्नाथ त्यागी लगभग रोज आते। हां बरसात में यह क्रम प्राय: टूट जाता था। जगन्नाथ त्यागी को भीगना पसंद नहीं थां। वे स्नोफीलिया के मरीज थे। उनकी नाक जल्दी सुड़सुड़ाने लगती थी।
दूसरे बूढ़े का नाम भगीरथ प्रसाद शर्मा था, वह बीच की इमारत नीरांजना में दूसरी मंजिल के सी/15 फ्लेट में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। यह दो बेडरूम वाला फ्लेट था और उन दोनों के हिसाब से कुछ बड़ा था। पति-पत्नी के अलावा कोई तीसरा वहां नहीं था। भगीरथ प्रसाद बड़े प्रशासनिक पद से रिटायर अधिकारी थे। उनको रिटायर हुए दस साल बीत गए थे। उनको उच्च रक्तचाप था और रक्तचाप नियंत्रित रखने के लिए वे नियमित रुप से गोली खाते रहते थे। उनकी पत्नी माधवी देवी गृहणी थीं और गठिया वात से पीडि़त थीं। इसलिए अधिकतर समय अपने बिस्तर से ही बंधीं बैठी या लेटी रहतीं थी। यों अपने और अपने पति के लिए चाय-नाश्ता तैयार कर देतीं थीं इतनी सामथ्र्य उनमें थी। हां पर बहुत धीरे-धीरे यह सब कर पातीं थीं। अपने आप बाथरुम चली जातीं थी। अपने कपड़े बदल लेती थीं। दुपहर में जब भगीरथ प्रसाद टेरेस पर कुर्सी डाले बैठे अंग्रेजी अखबार या कोई मैंगजीन पलट रहे होते माधवी देवी बड़े टाइप वाली मानस खोले चौपाई-दोहा सस्वर गुनगुनातीं रहती थीं। वे बखूबी महरी और खाना बनाने वाली बाई पर निगाहें भी रखे रहतीं थीं कि कहीं किसी चीज पर हाथ साफ न कर दें। कभी-कभार खाना बनाने वाली बाई नहीं आती तो वे धीरे-धीरे खाना भी बना लेतीं थीं। भगीरथ प्रसाद उनकी इस काम में काफी मदद कर देते थे।
उनके एक बेटा-बेटी थी। उनको ऊंची शिक्षा उन्होंने दिलवाई थी। दोनों टैक्नोक्रेट थे। लड़का विनीत शिकागो अमरीका में एक बड़ी इन्टरनेशनल कम्पनी में सी.ओ. था और बेटी तन्वंगी ह्यूस्टन में ब्याही थी। दोनों पति-पत्नी एक फर्म में ऊंचे वेतन पर नौकरी करते थे। भगीरथ प्रसाद ने अपनी पूरी कमाई बच्चों को पढ़ाने, उनको अमेरिका भेजने एवं नौकरी जमाने में झौंक दी थी। रिटायर होने के बाद उनको सबसे पहले रहने के लिए घर का इंतजाम करना था। पर पैसे उनके पास थे नहीं। रिटायर होने के बाद वे कोई छोटी-मोटी नौकरी अपने पद की हैसियत देखते हुए कर नहीं सकते थे। सामाजिक स्थिति भी उनकी डांवाडोल थी। बड़ा अधिकारी होने के नाते अपने अधीनस्थों और आम लोगों से उन्होंने कभी संवाद बनाने की कोशिश नहीं की थी। नौकरी में थे तो हर काम उनके कहने भर से फौरन हो जाता था। आदत न होने के कारण अब तो उनको बाजार से सामान खरीदने में भी परेशानी होती थी। घर के नौकरों से सामान मंगाने में उनको विश्वास नहीं था।
गनीमत रही कि लड़के ने उनको घर खरीदने के लिए एकमुश्त रकम भेज दी। पर बहुत दिनों तक वे तय ही नहीं कर पाए कि कहां, किस अपार्टमेण्ट में फ्लेट खरीदें। वे चाहते थे कि ऐसी कालोनी मिले जहां उनकी स्टेटस के समतुल्य रिटायर बड़े अधिकारी रहते हों। पर ऐसी एकाध कालोनी में कोई फ्लेट विक्रय के हिसाब से उपलब्ध नहीं था। हार कर उनको इस पंचशील कालोनी में बिल्डरो, दुकानदारों, ज्वेलरों, कर्मचारियों और मझौले कद के नेताओं से भरी इमारतों में आशियाना ढूंढऩा पड़ा। अगल बगल के पड़ोसियों से घुलने-मिलने में उनको कोफ्त होती थी और उनके बड़े अधिकारी होने के रोब में कोई उनसे निकटता बनाने में हिचकता था। उन आवासों के बीच वे अपनी निर्वैयक्तिता की वजह से निर्वासित से रह रहे थे।
बेटा और बेटी कभी-कभार उनसे बात कर लेते थे और पोते-पोतियों का समाचार दे देते थे। पोते-पोती के जन्म का समाचार भी उनके बेटे और बेटी ने इण्टरनेट के जरिए ही ई-मेल से दिया था। बाद में उनके फोटो फेस बुक पर उन्होंने पोस्ट कर दिए थे। वे दोनों पति-पत्नी देर रात तक लेपटाप खोले उस पर पोते-पोती के फोटो देख कर मगन होते रहते थे। उनकी बड़ी इच्छा होती कि उनको अपनी गोद में खिलाएं पर वैसे इन्टरनेट चाहे जितनी जानकारियां उगल दे किन्तु वह यह ममता भरा एहसास उनको नहीं दिला सकता था।
वे दोनों अपने आखिरी के समय में विदेश जाना नहीं चाहते थे। अपनी-अपनी व्यावसायिक मजबूरियों के चलते बेटे और बेटी यहां आ नहीं सकते थे। बूढ़े और बूढ़ी का यही दुख था। पेंशन पर्याप्त मिलती थी। पूरी खर्च ही नहीं हो पाती थी। इसलिए आर्थिक रूप से कोई कष्ट नहीं था। पर अपनों से दूर बहुत दूर थे। रिश्तेदारी में किसी को अपने साथ रख नहीं सकते थे। फिर किसी के पास उनके साथ रहने की फुरसत ही नहीं थी। कुछ ऐसी वारदातें हुई थीं जब अपनों ने ही कत्ल कर दिए थे। बेटे के इस मामले में सख्त निर्देश थे। वे डरते भी थे। इसलिए उन दोनों ने अपने किसी रिश्तेदार में से इस बाबत किसी पर न तो साथ रखने का जोर दिया और न इस बाबत किसी से कोई बात की थी।
भागीरथ प्रसाद दिन भर चुप रहते। किसी से बतियाने-बोलने का मौका ही नहीं मिलता था। अंग्रेजी के अखबारों को कहां तक चाटते। बोर हो जाते तो पत्नी के पास चले जाते। उनसे चाय के लिए पूछते, उनकी तबियत का हाल लेने लग जाते। एवज में चलने-फिरने में लाचार पत्नी भी उनसे चाय के लिए पूछ लेती थी। खाना वे ही बना देती थी। कुछ महीने पहले खाना बनाने वाली एक बाई मिली थी तब काफी आराम मिला था। पर इधर उसे उसके लड़के ने जो सूरत की किसी कपड़े की फर्म में काम करता था, अपने पास रहने के लिए बुला लिया था। तब से कोई बाई उनको नहीं मिली थी। यहां तक कि उन्होंने अखबार में विज्ञापन तक दिया था। तब भी कोई नहीं आया था। भगीरथ प्रसाद खाना बनाने में अपनी पत्नी माधवी देवी की मदद कर देते थे। माधवी देवी उनकी पसंद की सब्जी बनाने में चूक नहीं करती थी। सोते समय एक गिलास गुनगुना मीठा दूध देना नहीं भूलती थी।
पर भगीरथ प्रसाद को दिन भर एक अदद अंग्रेजी अखबार में विधाए रखना सम्भव नहीं था। दिन के दस बजे तक तो कॉलोनी में कुछ चहल-पहल दिखती थी। बंद दरवाजों के पीछे भी स्वर मुखरित होते रहते थे। पर इसके बाद वहां सन्नाटा पसर जाता था। सड़कों पर चलती भीड़ का शोर छिटक कर आ जाता था। भगीरथ प्रसाद के पड़ोस में मि. पाराशर का फ्लेट था। पर सिवाय उनकी नेम प्लेट के और कोई पहचान नहीं बनती थीं। माधवी देवी कभी उनके दरवाजे कुछ लेने के बहाने भी नहीं गई और न उस तरफ से कोई इस तरफ आया था। फ्लेट ऐसे बनाए गए थे कि हर हिस्सा दूसरे से अलहदा था। एक ही फ्लोर भले ही हो पर सब से कटे-फटे, बेगाने से। भगीरथ प्रसाद ने उनको देखा था कि वहां उस फ्लेट से दो लोग एक अधेड़-सा और एक युवा निकलते थे। युवा एक बड़ा-सा काला एक्जीक्यूटिव बैग कंधे पर लटकाए निकलता था। वह आगे चौराहे पर सिटी बस पकड़ता था। फिर कुछ देर बाद कुछ अस्तव्यस्त-सा वह अधेड़ अक्सर टाई-सूट में निकलता था। दोनों लिफ्ट से नीचे आते थे। फिर ड्राइवर गैरेज से निकाली गाड़ी का पीछे का दरवाजा खोलता था, वह अधेड़ उसमें बैठ जाता था और गाड़ी आगे चली जाती थी। उन दोनों की बीबियां उस फ्लेट में रही होंगी अगर युवा भी शादीशुदा हुआ तो। उस युवा और अधेड़ के बीच क्या रिश्ता था उनको मालूम नहीं था। माधवी देवी ने बताया था कि उस फ्लेट में एक बूढ़ी औरत भी रहती है। उसकी प्रार्थना की आवाज उसने सुनी है। उन दोनों की मां और दादी होगी अगर वे दोनों बाप-बेटे होंगे।
भगीरथ प्रसाद माधवी देवी से कहते कि उस फ्लेट में एक मां कम से कम अपने बच्चों के साथ तो रहती है। उन दोनों की तरह निर्वासित तो नहीं है। माधवी देवी गहरी सांस लेकर रह जातीं। इस निर्वासन का कोई निदान नहीं था। टेरेस में पड़ी आरामकुर्सी पर भगीरथ प्रसाद बैठ जाते और उस बेहिसाब भीड़ को देखते रहते जिसके बीच भागते हुए भी आदमी अकेला और सबसे कटा-फटा था। दिन भर कारें और बसें दौड़ती रहतीं। पता नहीं कहां जाती और कहां से लौट आतीं थीं। वे उस भीड़ का हिस्सा नहीं बनते। पर ऊब जाते। एक दिन मार्क ट्वेन का उपन्यास पढ़ रहे थें। सहसा उनको ख्याल आया कि इसे माधवी देवी को सुनाना चाहिए। उसे कुछ सुकून मिलेगा। उसने अंग्रेजी में गाजियाबाद के एक महाविद्यालय से प्रथम श्रेणी में एमए पास किया था।
एक घण्टे तक वे पाठ करते रहे और अंत में उन्होंने पाया कि माधवी देवी सुनते-सुनते सो गई हैं और उसकी नाक बज रही है। फिर भी उन्होंने सोचा कि वे उसकी आदत डलवा देंगे। उनको अफसोस हुआ कि रिटायर होने के बाद क्यों उन्होंने पुस्तकों के गट्ठर एक प्राईवेट हायर सेकेडरी स्कूल को भेंट कर दिए थे। इस शहर के फुटपाथों पर अंग्रेजी के नॉवेल तो मिल जाते हैं पर मार्क ट्वेन और चाल्र्स डिकंस के नॉवेल मिल पाना मुश्किल है। आसपास कोई लाईब्रेरी है इसकी जानकारी उनको नहीं है। खैर देखेंगे। अभी तो यही खत्म हो।
कभी-कभी अकेलेपन से घबड़ा जाते और उनको लगता कि नौकरी के दिनों से ही उनको सामान्य बन जाना चाहिए था। इस घुटन से तो निजात मिली रहती। वे कभी-कभी चार बजे ही पार्क के लिए निकल पड़ते। उस वक्त पार्क सूना रहता था। एक किनारे सामने के हॉली डेस्टीनेशन्स हायर सेकेण्डरी स्कूल के बच्चे धमाचौकड़ी मचाते कभी-कभार दिख जाते थे। उस वक्त कोई सुरक्षाकर्मी भी वहां मौजूद नहीं होता था। दुपहर के बाद की नर्म धूप वहां पसरी होती थी और सन्नाटा होता था। पर भगीरथ प्रसाद देर सांझ तक वहां बैठे रहते थे। अलग-बगल से निस्पृह और निरपेक्ष। जैसे उनके लिए समय रुक गया हो या उनके आरपार जा रहा हो।
एक दिन दुपहर अचानक एक आशंका ने उनको जकड़ लिया और बहुत कोशिशों के बाद भी वे उससे छूट नहीं पाए। उन्होंने सोचा अगर अचानक कैजुयल्टी हो जाए तो अर्थी ढोने के लिए चार कंधे भी न मिलेंगे। शायद दो या तीन दिन में इस बात का पता चल पाए दूसरों को कि कोई हादसा हो गया है। बुलाने पर भी किसी फ्लेट के दरवाजे नहीं खुलेंगे। इसके लिए कॉलोनी के सेक्रेटरी को बुलाना पड़ेगा। वही फिर निकट के लोगों को फोन पर सबको सूचना देगा। ऐसे मामलों के लिए उसने बाकायदा एक रजिस्टर बना कर रखा है जिसमें सब आवश्यक विवरण दर्ज है। वे यह सब सोचकर एकाएक घबड़ा गए। देर लग गई उनको संयत होने में। उन्होंने माधवी देवी को कुछ नहीं बताया। सुनकर वह बिला वजह घबड़ा जाती।
इसके बाद जब भी वे इमारत से नीचे जाते या आते तो अपनी छाती पर हाथ रखकर अपनी धड़कन की लय जांच लेते थे। उनको सहसा लगता कि उनके दिल ने धड़कना बंद कर दिया है। कुछ दूर पर सब्जी लाने जाते और वहां भी वे जांच कर लेते थे। पार्क में बैठते और वहां भी यही सब दोहराते।
तीसरे जो बूढ़े थे उनका नाम था परमानंद सोनी। इस पंचशील कॉलोनी की इमारत वंदना में तीसरे फ्लोर पर रहते थे। उनके फ्लेट का नम्बर था एस/19 और यह फ्लेट उनका अपना नहीं था। वे किराये से इसमें रहते थे। किराया था साढ़े तेरह हजार रुपये प्रति माह। वे अपनी बेटी सुषम के साथ रहते थे। उनकी पेंशन नौ हजार पैंतीस रुपया थी और उनकी पेंशन के रुपयों से बाकी रुपये मिलाकर फ्लेट का भाड़ा चुका दिया जाता था। इस तरह किराया देने की झंझट से निजात मिल जाती थी। दामाद एक डेयरी फार्म में मैनेजर था। इस वजह से घर में डेढ़ किलो दूध फ्री में आता था। उसमें परमानंद सोनी को एक बूंद भी नहीं मिलता था। चाय में जो उनको एक कप सुबह और शाम मिल जाती थी उतना दूध उनके हिस्से में आता था।
बेटी सुषम पास की एक दूसरी कॉलोनी द ब्राइट में चलने वाले एक नर्सरी स्कूल में टीचर थी। दो-चार ट्यूशन भी किए हुए थे। इस वजह से बच्चों की स्कूली फीस और दीगर खर्चे निकल आते थे। उसके तीन बच्चे थे। दो लड़के और एक लड़की। लड़का और लड़की सेक्रेड होम प्राईमरी स्कूल में दूसरी और तीसरी कक्षा में पढ़ते थे। यह स्कूल इस सैक्टर के अंत में स्थित था और स्कूल के अपने रिक्शों में बच्चे स्कूल जाते-आते थे। छोटा मुन्ना अभी तीन माह का था और जब सुषम खाना बना रही होती या कोई दूसरा काम और स्कूली में होती तब मुन्ना को संभालने की जिम्मेदारी परमानंद सोनी की होती थी। इस वजह से वे दिन भर उसकी देखभाल में ही उलझे रहते थे। दामाद सुबह आठ बजे डेयरी के लिए निकलता और बारह बजे लौट आता था। तीन बजे फिर चला जाता और सात बजे तक लौट आता था। बीच के समय में वह सोता रहता था।
दरअसल उनके रिटायर होने के साल ही उनकी पत्नी गायत्री की मृत्यु हो गई थी। उनके लड़के थे नहीं बस यही एक लड़की सुषम थी। सुषम ने उनको अपने पास रखना चाहा, पर उसका पति खिलाफ था। पहले तो वे आनाकानी करते रहे। फिर सोचा होगा कि बुढ़ापे में उनको किसी का सहारा चाहिए था। सुषम ने पति को यह कह कर मना लिया कि अच्छी जगह रहना है तो जियादा किराया देना पड़ेगा। इस जियादा किराये की पूर्ति बाबूजी की पेंशन से हो सकती है। इसलिए बाबूजी यानि कि परमानंद सोनी को बुलाने का आग्रह बढ़ता गया और अंत में वे रहने के लिए आ गए। कुछ जियादा ही दबाव में उन्होंने अपना पुश्तैनी घर भी बेच दिया। आखिर उसे बंद ही तो रहना था। अच्छे खासे पैसे मिल गए उनको घर के। उन पैसों की एफडी उन्होंने अपने बड़े पोते के नाम करा दी। इस तरह परमानंद सोनी की सुषम अपनी बेटी के साथ रहने की पुख्ता वजह बन गई।
परमानंद सोनी सुबह-शाम सब्जी भी ले आते और दीगर खरीदारी भी कर लेते थे। इस वजह से वे ऐसे सदस्य बन गए जिनका उस घर में रहना जरूरी मान लिया गया। वे शासकीय मुद्रणालय में सुपरवाइजर के पद से रिटायर हुए थे। घर में वैसे तो शांति ही रहती थी पर दामाद रंजन को दारू पीने की बुरी आदत थी। महीने में एकाध दो दफा वह ओवरडोज ले लेता था और घर लौट कर हंगामा करता था। ऐसे में वह सुषम पर हाथ भी उठा देता था। उसका रौद्र रुप देख कर परमानंद सोनी की हिम्मत उसे समझाने की नहीं पड़ती थी। यह हंगामा वह एकाध-दो दफा ही करता था इस वजह से कह सकते हैं कि घर की शांति बनी हुई थी।
घर में अखबार नहीं आता था। कॉलोनी के सामने की चाय की गुमटी में बैंच पर बैठ कर वे अखबार पढ़ सकते थे। पर इसके लिए उनको नीचे उतर कर वहां तक जाना पड़ता। पर उनको इतना समय नहीं मिलता था। उस समय मुन्ने की संभाल जरूरी होती थीं। निदान के रुप में उन्होंने सोचा कि अगर पास में कोई वाचनालय हो तो वे वहां जाकर अखबार पढ़ सकते हैं। वाचनालय दूर था और सिटी बस से जाया जा सकता था। पर सिटी बस का किराया वे कहां से जुटाते।
दिन भर मुन्ना को संभालते वे बुरी तरह थक जाते थे। कमर सीधी करने के लिए वे लेट तक नहीं पाते थे। मुन्ना कई-कई बार सिस्सी कर देता था और उनको ही साफ करनी पड़ती थी। सुषम जब स्कूल से लौटती तभी उनको कुछ रियायत मिलती थी। क्योंकि खाना बनाने तक उनको फिर मुन्ना को संभालना पड़ता था। रंजन तो संतान पैदा करने के कारक भर थे। बच्चों को संभालने से उनको कोई मतलब नहीं था।
परमानंद सोनी सोचते कुछ सालों तक पत्नी का साथ और बना रहता तो अपने पुश्तैनी घर में आराम से जिंदगी जी रहे होते। यहां बेटी के साथ भविष्य की सुरक्षा की दृष्टि से आ तो गए पर बुरी तरह बंध कर रह गए और अब आगे कोई निजात मिलने वाली नहीं है। वे गले तक जिम्मेदारियों में फंस गए हैं। इस घर में उनका अपना वजूद जरूरी होते हुए भी कुछ नहीं है। जो उनको अपने मन का खाना है वह चयन भी उनसे छिन गया है। अब जो मिल गया खा लेते हैं।
यहां तक कि उनका डेरा बरामदे में खिसका दिया गया है। बरसात और गरमी की रातों में तो ठीक है पर सर्दियों में इस कदर खुले में सोना खतरनाक है। भीतर सुषम, उसके पति और संतानों का कब्जा रहता है। जियादा बिजली खर्च न हो इस बजह से टीवी बहुत कम चलाया जाता है। जब सुषम को कोई सीरियल देखना होता है, तभी खुलता है। उनको पता ही नहीं चलता कि देश-दुनिया में क्या घट रहा है। इसलिए कभी कभार सुबह के वक्त वे चाय की उस गुमटी में अखबार की लालच में पहुंच ही जाते हैं। पर वहां इंतजार करना होता है। बहुत लोग पन्ना-पन्ना पकड़े अखबार पढ़ते होते हैं। परमानंद सोनी यहां चाय पीने नहीं अखबार चाटने जाते थे। इस वजह से दो-तीन बार उनकी मुफ्तखोरी परखने के बाद चाय वाला उनको जियादा तरजीह नहीं देता। लम्बे वक्फे के बाद उनके हाथ एकाध पन्ना हाथ आता तो वह व्यापारिक गतिविधियों का होता, जिसमें समाचार बिल्कुल नहीं होते हैं। वे यहां जियादा इंतजार नहीं कर सकते, क्योंकि सुषम को खाना बनाना होता है और मुन्ना को संभालने वाला वहां कोई नहीं रह जाता। रंजन आठ बजे तक डेयरी के लिए निकल जाता है। वे हताश से लौट आते।
एक बार हिम्मत करके उन्होंने अखबार लगाने के लिए सुषम से कहा भी। उसने बहुत ठण्डे स्वर में कहा कि फिर किसी जरूरी खर्च में कटौती करनी पड़ेगी। वे चुप रह गए थे। वे नहीं कह सकते ते कि उनका पेंशन का बहुत थोड़ा भाग इसमें खर्च किया जा सकता है। पर घर अनिवार्य था और उससे जियादा अनिवार्य यह कि हर माह नियमित रूप से किराया चुकाया जाता रहे। वरना सबसे पहले बिजली का कनेक्शन कटेगा फिर नल का। जिंदगी के लिए दोनों ही अनिवार्य हैं।
परमानंद सोनी लगभग रोज ही पार्क में जाते थे। कुछ देर की आजादी उस दमघोंटू माहौल से उनको मिल जाती थी। अपने आप में जीने के कुछ क्षण उनको नसीब हो जाते थे। आखिर लौटना तो उनको वहीं था। लौटते और कुछ देर में खाना खाकर वे बरामदे में पड़ी अपनी खाट पर आकर लेट जाते। बरामदे में अमूमन अंधेरा ही रहता। आखिर उनको रोशनी की जरूरत ही क्या है, इस कारण बरामदे में जीरों वॉट का बल्ब भी नहीं लगाया गया था। वे जब तक नींद नहीं आती उतरी बनियान को पछोर पर मच्छर भगाते लेटे रहते थे। सुबह जल्दी आंख अगर खुल जाती तो फिर नीचे उतर कर सूनी सड़क पर कुछ दूर टहल आते थे।
तो यह थी उन तीन बूढ़ों की कहानी जो एक दूसरे से अपरिचित, अनजान लगभग रोज ही कॉलोनी से लगे उस पार्क में आकर अलग-अलग जगहों पर बैठते थे। बैठे रहते थे अंधेरा घिरने तक फिर बिना एक-दूसरे को टोके वहां से निकल जाते थे। कोई किसी की पृष्ठभूमि से वाकिफ नहीं था। बस तीनों ही रिटायर बूढ़े थे और अब जिंदगी से रिटायर होने की तैयारी में थे। तीनों के भीतर एक बेजार जिंदगी की धड़कनें थी और वे हंसी से महरुम थे। ऐसा नहीं कि वे हंसना नहीं चाहते थे बल्कि जगन्नाथ त्यागी तो बाकायदा लाफिंग क्लब के सदस्य थे और दुपहर में वहां चले जाते थे। वे वहां ठहाका लगाने का अभ्यास करते थे और मुह आड़ा-तिरछा करके हंसी छाती में भरने में लगे रहते थे। पर इस अभ्यास में वर्जिश के अलावा कुछ नहीं था। वह उल्लास और खुशी जो हंसी के लिये जरूरी होती है नदारत रहती है। बिना किसी कारण के हंसना बड़ा कठिन होता है। हंस रहे हैं ठिलठिल कर जैसे झरने का पानी झरता है वह हंसी दुर्लभ थी। वह हंसना जो आंखों में आंसू ला देता है जिसे खुशी के आंसू कहते है जीवन में उमंग ला देता है।
क्लब में उपजाई गई हंसी किसी तानाशाह की हंसी की तरह होती है। जिसमें एक खौफ का अंदाज खुबा रहता है। ऐसी हंसी सिनेमा के विलेन की हंसी भी कही जा सकती है जो दूसरे की मजबूरी से चलती है। किसी तूफान के शोर की तरह जो तबाही लाती है। यह किसी अल्हड़ किशोरी की हंसी नहीं हो सकती। जो अनायास छूटती है और छूटी रहती है देर तक। इस हंसी में किसी बगीचे की सुरभि की महक होती है। शिशुओं की कौतुक हंसी नहीं होती जिसमें इतना भोलापन मिठास की तरह धुला होता है कि तन और मन को तंरगित कर देती है। बूढ़े भी हंसते बिना दांतों के और पूरी देह पत्ते की तरह हिलने लगती है। दुनिया के सब बूढ़ों की हंसी खो गई है। वे लाचारी की हंसी भी नहीं हंस पाते जो दीन हैं, अभावग्रस्त हैं उनकी हंसी तो पिछले साठ-पैंसठ सालों में गायब ही रही है, पर जो अपने जीवन में सफल रहे और सम्पन्नता उनसे चिपकी रही, उनकी हंसी भी गायब है उनके चेहरों से। कहीं निर्वासन का दंश है तो कहीं रोगी काया का कहर, तो कहीं आसपास के माहौल से गहरा असंतुलन और घोर उपेक्षा का भाव। जीवन की सहजता का लोप हो गया है। वे हंसने को तरस गए हैं।
भगीरथ प्रसाद को छोड़ कर शेष दो बूढ़े सुबह की मार्निंग वाक में भी निकल जाते हैं। पर सांझ के समय पार्क में तीनों आते हैं। अलग-अलग कोनों में बैठ जाते हैं चुपचाप। उनमें से किसी को शायद दूसरे के बारे में मालूम हो ऐसा पक्का तौर पर नहीं कहा जा सकता। उनको यह भी नहीं मालूम होगा कि वे एक ही कॉलोनी की अलग-अलग इमारतों में रहते हैं। कभी कॉलोनी के परिसर में आते-जाते टकरा भी गए होंगे तो ध्यान न दिया होगा। अपनी ही उलझनों में डूबे वे एक दूसरे को जानने से बच गए होंगे। हजार गमों के बीच पहचान की चिलक दब गई होगी।
भगीरथ प्रसाद हमेशा सुरक्षा में जिए इस वजह से छड़ी लेकर आते थे कुत्तों से बचाव के लिए। बाकी दोनों बूढ़े खाली हाथ झुलाते आते थे। यहां की चहल-पहल में उनका मन रमता था या माहौल बदल जाने की तृप्ति उनको खींच लाती थी। कुछ भी कह सकते हैं। यों पार्क खूबसूरत और बड़ा था एवं तरतीब से बनाया गया था। सफाई रहती थी फिर भी घास में मूंगफलियों के छिलके गिरे मिल जाते थे। पॉलीथीन की थैलिंया झाडिय़ों की ओट में अटकी दिख जातीं थीं। बच्चों के लिए झूले थे, फिसलन पेटियां थीं, धरती के समानान्तर घूमने वाली चकरिंया थीं जिनमें बैठने के लिए छोटी-छोटी कुर्सियां जड़ी थीं। मिकी माउस के रुपाकार की कुर्सियां यत्र तत्र पड़ी थीं। पार्क में बच्चों की आवाजें उठती रहतीं थीं। उनके बोलने का शोर, उनकी छलकती हुई हंसी मन को सुकून से भर जाती थीं। आठ बजे के बाद पार्क खाली होना शुरू हो जाता था। वे तीन बूढ़े इसके काफी पहले लौट आते थे।
राज्य की सरकार ने 65 साल से ऊपर के बूढ़ो के लिए कोई कल्याणकारी योजना चलाई थी। चैनलों पर यह खबर बार-बार दिखाई जा रही थी। राज्य के तमाम लोगों ने इस योजना का स्वागत किया था। इस शहर के हर चौराहे पर एक बहुत बड़ी होर्डिंग इस योजना के विज्ञापन के बतौर लगाई थी। योजना के विवरण के बाद लगभग दो तिहाई जगह में एक बूढ़े का विशाल फोटो लगाया गया था। बूढ़े का हंसता-मुस्कराता-उमगता फोटो। वह फोटो लोगों को आकर्षित कर रहा था और पूरे शहर में इस फोटो की चर्चा थी। वह होर्डिंग इतनी बड़ी थी कि सीधे आधा किलोमीटर दूर से दिख जाती थी। इन तीन बूढ़ों को भी किसी प्रकार से इस फोटो के बारे में पता चल चुका था। वे होर्डिंग देखने को उत्सुक हो उठे थे-हंसते हुए बूढ़े को देखने की लालसा में वे सराबोर हो उठे थे। कैसा लगता होगा यह कौतुक था उनके मनों में।
वे तीनों एक सांझ किसी अंत:प्रेरणा के वशीभूत संयोग से एक साथ पास के चौराहे पर वह होर्डिंग देखने पार्क से बाहर निकल पड़े-कुछ-कुछ आगे-पीछे। कुछ ही देर में वे उस होर्डिंग के नीचे खड़े थे और उस हंसते हुए बूढ़े को जो इस विशाल होर्डिंग में छपा था बड़ी हसरतों से निहार रहे थे। फोटो वाले बूढ़े का चेहरा समूचा हंस रहा था। उसके खुले मुंह में एक भी दांत दृष्टिगोचर नहीं हो रहा था। फिर भी उसके चेहरे पर हंसी उमग रही थी। तीनो उस बूढ़े की हंसी में अभिभूत वहां खड़े थे। अपने भीतर वे उस फोटो के बूढ़े की हंसी की खनक को जज्ब करना चाहते थे। निर्बाध और निर्मल हंसी जिसमें कहीं बनावटीपन और औपचारिकता नहीं थी। उस हंसी में तितली के परों का नर्तन और रंग भरे हुए थे। एक निष्काम हंसी जो दुर्लभ थी।
तीनों बूढ़े खड़े निहारते रहे। वे उस रात घर नहीं लौटे। दस बज गए फिर बारह बजे, दो और तीन भी बज गए। वे उसी तरह खड़े थे फोटों को निहारते। सुबह जब सूरज की किरणें फूंटी और आमदरफ्त चालू हुई, वे तीनों बूढ़े उस विशाल होर्डिंग के नीचे चित्त लेटे मरे पड़े थे। भगीरथ प्रसाद थोड़ा अलग हट कर पड़े थे। उन्होंने जीवन भर छोटे लोगों से संवाद जो नहीं किया था। उनके चेहरों को देख कर कोई भी जान सकता था कि फोटो वाले बूढ़े की-सी हंसी हंसने की कोशिशों में उनके प्राण निकले थे।









कैलाश चंद्र - उत्तर प्रदेश एक एक अत्यंत पिछड़े इलाके में पैदा हुए कैलाश इस समय सत्तर वर्ष के हैं। बतकही में उस्ताद। रीवा में बसे हैं। 'पहल' मं उनकी कुछ सुप्रसिद्ध कहानियां पिछले वर्षों में छपी हैं। विपुल लेखन लेकिन तद्नुसार कम प्रकाशित। तबियत से मौला हैं। 'हारमोनियम के एवज में' कहानी नाम से ही संग्रह है। राष्ट्रीय नाटक अकादमी के पूर्व निदेशक देवराज अंकुर ने (पहल में छपी) इस कहानी को रूपान्तरित किया था और राजगढ़ इप्टा ने इसका मंचन भी किया। बाबा कारंत इस कहानी का संगीत रूपक तैयार करना चाहते थे पर वह असमाप्त रहा। उदय प्रकाश की दो उम्दा कहानियों 'मोहनदास' और 'तिरिछ' का कैलाश चंद्र ने नाट्य रूपान्तरण किया है। पढ़ते लिखते पेंसिल स्केचिंग का भी शौक।

Login